आंवला/अलीगंज (बरेली)। अवैध स्लॉटर हाउस से मांस की सप्लाई लेकर पहुंची वैन को आंवला पुलिस ने होटल के पास से तस्कर समेत दबोच लिया। मांस को जांच के लिए भेजकर तस्कर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ऐसी ही अन्य वैन को बिशारतगंज पुलिस ने भी पकड़ा लेकिन सेटिंग कर मामला रफा-दफा कर दिया।
अलीगंज में कोई स्लॉटर हाउस नहीं है। यहां अवैध रूप से गाय-भैंस का कटान कर मांस बरेली तक सप्लाई होता है। शनिवार सुबह यहां से मांस लेकर एक वैन आंवला और दूसरी बरेली रवाना हुई। आंवला में वैन जब अलीगंज बसअड्डे पर एक होटल के पास पहुंची तो पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी में वैन से एक क्विंटल मांस बरामद हुआ तो वैन चला रहे तस्कर अलीगंज निवासी सब्लू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मांस भैंस का लग रहा था लेकिन पुष्टि न होने के चलते सैंपल जांच को भेजा गया है। स्लॉटर हाउस का कोई बिल या मांस पर कोई सील नहीं मिलने के चलते ड्राइवर सब्लू के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं, अलीगंज से निकली दूसरी वैन को बिशारतगंज पुलिस ने अखा के पास पकड़ा। वैन चालक अलीगंज निवासी निजाकत को वैन समेत थाने ले जाया गया। इसमें भी तीन कट्टों में वैसा ही करीब डेढ़ क्विंटल मांस था। जांच के लिए मझगवां पशु चिकित्सालय के डॉ. आरसी यादव को बुलाया गया। प्राथमिक दृष्टया उन्होंने मांस भैंस का बताकर सैंपल ले लिया। इसी को आधार बनाकर बिशारतगंज पुलिस ने साठगांठ कर तस्कर को मांस समेत छोड़ दिया।
प्राथमिक जांच में मांस भैंस का लगा तो जीडी में तस्करा डालकर सैंपल सुरक्षित किया गया। जांच में मांस सफेद पशु का पुष्ट हुआ तो कार्रवाई होगी। ड्राइवर ने मांस खरीद के कागज भी दिखाए जो बरेली के किसी स्लॉटर हाउस के हैं। निजाकत ने मांस घरेलू कार्यक्रम के लिए ले जाना बताया तो उसे छोड़ा गया। - शोएब मियां, प्रभारी निरीक्षक बिशारतगंज
मैं आज समाधान दिवस में व्यस्त था। हालांकि दोनों थानों की पुुलिस ने कार्रवाई की जानकारी दी थी। बिशारतगंज पुलिस ने भी मांस जांच को भेजा है तो कोई कार्रवाई जरूर की होगी। - आलोक कुमार अग्रहरि, सीओ आंवला