फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर से लापता छात्रा की पांच घंटे बाद बाग में मिली लाश

विज्ञापन
विज्ञापन
नवाबगंज (बरेली)। गांव बिथरी में बीए की छात्रा के लापता होने के पांच घंटे बाद घर से कुछ दूरी पर आम के बाग में उसका शव बरामद हुआ। छात्रा के पिता ने गांव के ही एक परिवार के चार सदस्यों पर जमीनी विवाद में अपहरण कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत जहर से होना बताया गया है। पुलिस ने जमीन विवाद के अलावा प्रेम-प्रसंग को लेकर भी जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

राकेश मिश्रा शुक्रवार शाम अपनी पत्नी के साथ गांव में ही एक गमी में चले गए थे। उनका बेटा तरुण पड़ोस में रहने वाले दोस्त रमेश के साथ छत पर बैठा हुआ था। घर में शिवानी मौजूद थी। परिवारवालों के मुताबिक, शाम करीब आठ बजे शिवानी घर के बाहर बरामदे में सूख रहे कपड़े उठाने के लिए बाहर आई थी। इसके बाद वह लापता हो गई। तरुण ने नीचे आने के बाद बहन को नहीं देखा तो गांव में अपने माता-पिता को खबर दी। परिवार और गांव के लोगों ने शिवानी की तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। परिवार ने नवाबगंज थाने में गुमशुदगी की तहरीर सौंप दी। यूपी 100 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

जमीनी रंजिश में रिपोर्ट दर्ज
इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार शर्मा ने पुलिस टीमों से गांव में शिवानी की तलाश करवाई तो रात करीब दो बजे उसका शव घर के सामने ही उमाशंकर के आम के बाग में पड़ा मिला। शव बरामद होने के बाद शिवानी के पिता ने गांव के चंचल दुबे, उसकी पत्नी माधुरी, बेटे आदित्य और चंचल के चाचा रमेश के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पोस्टमार्टम के बाद परिवारवालों ने सिटी श्मशान भूमि में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन


जबरन जहर देने के निशान नहीं
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार, शिवानी की मौत जहर से हुई है, लेकिन उसके होठ पर अंदर की तरफ और शरीर पर कोई चोट नहीं मिली है। इसे देखकर लग रहा है कि उसको जबरन जहर नहीं खिलाया गया है। बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। बिसरा रिपोर्ट से पता चलेगा कि किस स्तर का जहर उपयोग किया गया है।

कपड़ों पर मिली रेत
एसपी देहात के मुताबिक, बाग में भी संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। न ही शव देखकर लग रहा है कि उसने संघर्ष किया। ऐसे में अपहरण कर हत्या की थ्योरी में दम नहीं नजर आ रहा है। वहीं, छात्रा के कपड़ों पर रेत मिली है। इससे लग रहा है कि वह किसी नदी तक गई है।

अपहरण की थ्योरी नहीं उतर रही गले
पुलिस यह भी नहीं समझ पा रही है कि भाई के छत पर मौजूद रहते हुए अपहरण कैसे हो गया। वहीं, शाम के वक्त शिवानी के घर के ठीक पीछे जयराम कश्यप, पड़ोस में सरदार महेंद्र सिंह व बलविंदर सिंह के झाले है। सभी गर्मी के चलते छतों पर मौजूद थे। छात्रा को अपहरण कर ले जाते हुए किसी ने नहीं देखा।

लव एंगल पर भी चल रही जांच
गांव में चर्चा थी कि छात्रा के पड़ोस के ही एक युवक से प्रेम संबंध थे। दोनों घर से बाहर मिलते थे। छात्रा के परिजन इस संबंध से काफी नाराज चल रहे थे। इसे लेकर घर में विवाद भी हो चुका था। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम में चोट नहीं मिली है। जहर से मौत हुई है। जहर किस तरह दिया गया और किस स्तर का दिया गया, यह बिसरा रिपोर्ट से सामने आएगा। फिलहाल परिवार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच करवाई जा रही है।
विज्ञापन

- ख्याती गर्ग, एसपी, देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें