उझानी (बदायूं)। मिल कंपाउंड से शुक्रवार शाम को व्यापारी पंकज गुप्ता की बाइक चोर उठा ले गया। देर रात बाइक मालिक ने सुराग भी लगा लिया। शनिवार सुबह पुलिस ने कादरचौक के एक गांव में दबिश दी तो पुलिस को देख चोर बाइक लेकर भाग गया। पुलिस ने उसके घरवालों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। व्यापारी पंकज गुप्ता ने अपने घर के सामने बाइक खड़ी की थी। पंकज बाहर निकले तो बाइक नजर नहीं आने पर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। पंकज ने खुद प्रयास करके बाइक के बारे में सुराग निकाल लिया। बताते हैं चोर बाइक लेकर बेचने के लिए कुडानरसिंहपुर पहुंचा था। उसे वहां खरीददार नहीं मिला तो सुबह में उसने कादरचौक के रेवा गांव की ओर रुख किया। रेवा में भी पंकज पुलिस लेकर पहुंच गया। उस वक्त बाइक चोर के ही पास थी। पुलिस की कार देख चोर ने बाइक कादरचौक की ओर दौड़ा दी। वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया। इस बीच, पुलिस ने बाइक चोरी के शक में आरोपी के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शनिवार को उससे पूछताछ भी की। बता दें कि नगर से पिछले दिनों व्यापारी दीपक शर्मा, भाजपा नेता अमित शर्मा और शिक्षक सचिन सिंघल की भी घर के सामने से बाइक चोरी हो चुकी है।
-------------------------
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक पकड़ा
उझानी। सप्ताह भर पहले मोहल्ला साहूकारा से विमला हरिभगवान अग्रवाल इंटर कॉलेज के अध्यापक सचिन सिंघल की बाइक चुराकर युवक भाग गया था। बाइक मालिक ने पुलिस को उसी दिन शाम को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी सौंप दी। फुटेज में एक युवक बाइक लेकर बाइपास की ओर निकलते नजर आया। तहकीकात में जुटी पुलिस ने कासगंज जिले की सोरों कोतवाली के एक गांव से युवक को दबोच लिया। उससे शुक्रवार शाम से पूछताछ चल रही है लेकिन पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।