बरेली। गुलमोहर पार्क के पास रहने वाले आरटीओ के रिटायर्ड बाबू प्रभात कुमार के घर लाखों की चोरी में सगी साली प्रियंका सक्सेना ही साजिशकर्ता निकली। वारदात को उसने कंघी टोला निवासी पति राशिद के जरिये अंजाम दिया, जो हाल ही में दुष्कर्म के आरोपों में जेल से जमानत पर छूटा है।
पुलिस पूछताछ में प्रियंका ने बताया कि राशिद से उसने प्रेम विवाह किया था। वह दुष्कर्म के मामले में फंस गया तो उसने दस प्रतिशत की ब्याज दर पर कर्ज लेकर राशिद की जमानत कराई। छह महीने तक इस मामले की पैरवी में करीब दस लाख रुपये खर्च हो गए। अब कर्जा चुकाना था तो बहन-बहनोई के घर चोरी प्लानिंग बना ली। इसके चलते घटना की रात बहन-बहनोई के साथ स्टेशन रोड स्थित होटल में शादी में वह भी गई थी। राशिद घर में चोरी को अंजाम दे रहा था और वह लगातार फोन पर उसके संपर्क में थी। घर की पूरी जानकारी उसने ही राशिद को दी। पुलिस को प्रियंका की कॉल डिटेल में रात आठ बजे से लेकर 9:45 बजे तक लगातार एक अनजान नंबर से बातचीत मिलने के बाद प्राथमिक सुराग मिला। इंस्पेक्टर प्रेमनगर बलवीर सिंह ने बताया कि राशिद के पकड़े जाने के बाद सामने आया कि उसने चोरी के 45 हजार रुपये बैंक में जमा किए हैं। बाकी नकदी और जेवर वह अपनी स्कूटी में रखकर घूमता रहा। माल बेचने के लिए उसने कुछ सराफा व्यापारियों से भी संपर्क किया। मगर बेचने से पहले ही पकड़ा गया। उसके पास से एक लाख चौबीस हजार रुपये की नकदी और करीब 19 लाख रुपये के जेवर बरामद हुए हैं। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के बाद प्रियंका और उसके पति राशिद को जेल भेज दिया गया।