सर, प्रेम विवाह की सजा मौत देना चाहते हैं घरवाले
घर से जाकर प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी युगल की जान खतरे में हैं। युवती के मुताबिक, उसके पिता और तहेरे भाई ने गांव में कदम रखने पर उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर एसपी सिटी ने पुलिस को गांव भेजकर युवती के घरवालों को समझाने की बात कही है। अगर वह नहीं मानते तो कार्रवाई होगी।
मामला सुभाषनगर के गांव करेली का है। यहां के रहने वाले राजू वर्मा ने एमएससी पास किया है और प्राइवेट नौकरी करता है। सामने ही रहने वाली इंटरमीडिएट पास युवती से उसका पिछले सात साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजू ने विवाह के लिए पहले युवती के परिवार को मनाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माने तो दोनों अपनी मर्जी से शादी करने के लिए घर से निकल लिए। 25 मई को उन्होंने आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया। इधर, लड़की के पिता ने 26 मई 2017 को सुभाषनगर थाने में राजू और उसके पिता के खिलाफ युवती को बहला फुसलाकर अगवा कर ले जाने का मुकदमा दर्ज करा दिया। इस पर युवक युवती हाईकोर्ट चले गए और बालिग होने की बात कहकर युवती ने अपनी मर्जी से युवक के साथ जाकर प्रेम विवाह करने की बात कही। इस पर अदालत ने उनके हक में पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया। युवक युवती शनिवार को एसएसपी आफिस पहुंचे। यहां एसएसपी के न मिलने पर वह एसपी सिटी रोहित सिंह के पास पहुंचे और पूरी बात बताई। युवती ने बताया कि उसने अपनी मर्जी से राजू से शादी की है। उसके पिता ने राजू और उसके परिवार पर झूठा मुकदमा लिखाया है। उसने बताया कि 16 जून को वह अपने पति के साथ ससुराल पहुंची तो उसके पिता, ताऊ, तहेरे भाई और सगे भाई ने अपने कुछ साथियों के साथ राजू के घर के बाहर आकर उत्पात मचाया। युवती ने बताया कि जब आरोपियों के तांडव का उसके ससुर ने विरोध किया तो वह घर के अंदर घुस आए और उसके पति और उसको जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, तभी आरोपी फरार हो गए। जाते समय वह धमकी देकर गए कि अगर दोनों गांव में दिखे तो उन्हें मार दिया जाएगा। युवती का आरोप है कि प्रेम विवाह करने पर उसके घरवाले उसे और उसके पति को जान से मारने की फिराक में हैं, इसलिए उसकी जान खतरे में है। उसने एसपी सिटी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।