लखीमपुर खीरी। अमर उजाला की ओर से अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत राष्ट्रीय आजीविका मिशन के सहयोग से रविवार को आसरा कॉलोनी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें महिलाओं को मतदान के दिन सबसे पहले बूथ पर जाकर वोट डालने का संकल्प दिलाया गया। कहा गया कि आपका एक वोट देश की दिशा एवं दशा बदलने में कारगर साबित हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की प्रबंधक गरिमा सिंह ने महिलाओं को मतदान का महत्व बताया। कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। सभी लोग सबसे पहले बूथ पर जाकर वोट डालें उसके बाद ही दूसरा काम करें। यह भी कहा कि सभी को जाति, धर्म, प्रलोभन आदि से ऊपर उठकर मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। निधि दीक्षित ने सबसे पहले मतदान फिर कोई दूसरा काम का नारा देते हुए महिलाओं से कहा कि वोट देने के बाद घर आकर अन्य सदस्यों एवं आस पास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।