इस्लामिया बाजार के दो कपड़ा व्यापारियों में सोशल मीडिया पर हुई जंग सड़क तक आ गई। व्यापारियों और उनके स्टाफ के बीच सड़क पर खुलेआम मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस दौरान दो व्यापारी घायल हो गए, पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं एक व्यापारी को हिरासत में लिया गया है।
बारादरी के कांकरटोला निवासी तीन भाई शावेज, इमरान और सलमान की इस्लामिया मार्केट में कपड़े की दुकान है। शावेज का आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार अकरम फेसबुक पर सक्षम आनंद के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर दो दिन से सलमान को गाली दे रहा था। बुधवार शाम को शावेज इस संबंध में बात करने अकरम के पास गए तो उसने अपने नौकरों के साथ हमला कर दिया। बीच बचाव को इमरान आया तो उसे भी पीटने लगे। वे दोनों भागे तो पीछे से पथराव कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी-100 ने अकरम को हिरासत में ले लिया और घायल शावेज एवं इमरान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली में अकरम ने आरोप लगाया कि दोनों भाई उसकी दुकान में लूट करने आए थे। धक्का-मुक्की में गिरकर चोटिल हो गए।