महिला अपराध :
फोटो---
अगवा दलित किशोरी का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया
दो ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे ग्रामीण
बेटी की बरामदगी न होने पर गांव से पलायन की धमकी दी
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। शाही के फिरोजपुर गांव से दो ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे ग्रामीणों ने थाना पुलिस पर दलित किशोरी को अगवा करने वालों को छोड़ देने का आरोप लगाया। कहा, प्रधान के पति के इशारे पर किशोरी का जबरन धर्म परिवर्तन कराके निकाह भी करा दिया गया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से गांव में तनाव है। लड़की के घरवालों ने धमकी दी कि यदि पुलिस ने उसे अगवा करने वालों के चंगुल से मुक्त नहीं कराया तो वे गांव से पलायन कर जाएंगे।
ग्रामीणों ने एसपी (देहात) सतीश कुमार को बताया कि 20 मई की सुबह 15 वर्षीय दलित किशोरी दवाई लेने धनेटा फाटक गई थी। आरोप है कि प्रधान के पति नाजिम खां और भूरा पुत्र रईस अहमद उसे रास्ते से अगवा कर लिया तथा बाइक पर बैठाकर ले गए। लड़की के घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने 25 मई को नाजिम और भूरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोप है कि शाही पुलिस दो दिन तक नाजिम को थाने में बैठाए रही और फिर उसे छोड़ दिया, लेकिन लड़की को बरामद नहीं किया। पुलिस की शह पर नाजिम ने लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर 24 मई को भूरा के साथ दिल्ली में कोर्ट मैरिज करा दी। एसडीएम को दिए नोटरी शपथपत्र में लड़की ने अपना नाम रजनी उर्फ साजिया दर्शाया है। उसने 5 जून को हाईकोर्ट इलाहाबाद में रिट याचिका भी दायर कर दी है।
फिरोजपुर के लोग मंगलवार को मुझसे मिले। उन्होंने दलित किशोरी का धर्मपरिवर्तन कराके निकाह कराने की शिकायत की है। मामले में उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जल्द ही लड़की को बरामद करा लिया जाएगा। - सतीश कुमार, एसपी देहात