निकाह के दौरान दूल्हे को जान से मारने की धमकी और दुल्हन के बारे में अश्लील मैसेज भेजने वाला कस्बे के ही प्रतिष्ठित सज्जादानशीन का बेटा निकला। बरेली कॉलेज से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे आरोपी ने जब दूल्हे का जीना दुश्वार कर दिया तो उसने कॉलडिटेल निकलवाकर उसका पता लगा लिया। दूल्हे ने नवाबगंज कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती का निकाह इसी 11 मार्च को भोजीपुरा के एक युवक के साथ हुआ था। बारात के वक्त दूल्हे के मोबाइल पर मैसेज आया कि जिससे वह शादी करने जा रहा है, वह उसकी प्रेमिका है। शादी का इरादा छोड़ दे, शादी की तो जान से मार देगा। इससे दूल्हा पहले तो घबरा गया। फिर परिवार के लोगों ने उसका हौसला बंधाया। दुल्हन के भाई ने पुलिस से शिकायत की तो शादी वाले घर पर पुलिस तैनात कर दी गई। दूल्हा निकाह कर दुल्हन को घर ले आया। इसके बाद भी धमकियों का सिलसिला नहीं रुका। दूल्हे ने बताया कि सात अप्रैल को उसे मोबाइल पर फिर धमकी दी गई कि उसकी पत्नी फोन करने वाले शख्स की बीवी की तरह रह चुकी है। अगर वह उसे बीवी की तरह रखना चाहता है तो पांच लाख रुपये रंगदारी दे। दूल्हे ने कॉलडिटेल निकलवाई तो पता लगा कि जिस नंबर से धमकियां मिल रही हैं वह नवाबगंज के ही युवक जुनैद का है। जुनैद कस्बे में नई बस्ती स्थित दरगाह नजीरुल हसन के सज्जादानशीन सूफी कुर्बान मियां का बेटा है और बरेली कॉलेज में बीए का छात्र है। दूल्हे ने रविवार को नवाबगंज कोतवाली में जुनैद के खिलाफ रिपोर्ट करा दी। कोतवाल का कहना है कि सच्चाई पता लगाकर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
थाने पहुंचे सज्जादानशीन ने आरोपों को बताया निराधार
बेटे पर आरोप से आहत सज्जादानशीन सूफी कुर्बान मियां थाने पहुंचे और कहा कि उनके बेटे पर लगे आरोप निराधार हैं। पुलिस ठोस प्रमाण दे तो वह खुद बेटे को पुलिस के हवाले कर देंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि रपोर्ट से पहले नंबर की कॉलडिटेल किसने और क्यों निकाली? यह निजता का उल्लंघन है। उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई है। जिन दिनों में मैसेज करना बताया जा रहा है, उनका बेटा परीक्षा देने गया था।