नवादा में सैक्स रैकेट की सूचना पर दौड़ी पुलिस, हंगामा
मौके से इनोवा गाड़ी सहित युवक पकड़ा, पुलिस को किया गुमराह
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बारादरी थानाक्षेत्र अंतर्गत नवादा शेखान में सैक्स रैकेट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक घर के बाहर खड़ी इनोवा गाड़ी के साथ एक युवक को दबोच लिया। घर के बाहर से पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान भी गलत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस उसे जोगी नवादा चौकी पर ले गई। सैक्स रैकेट चलाने की शिकायत पर लोगों ने हंगामा भी किया।
नवादा शेखान के लोगों का कहना है कि इस घर में कुछ महिलाएं रहती है। अराजक तत्वों का इस घर में आना-जाना रहता है। जिस युवक को पकड़ा गया वह भी अक्सर रात एक बजे के बाद आता था और सुबह चार बजे जाता था। पुलिस के पहुंचने पर युवक ने पहले अपना नाम दीपक गंगवार बताया, लेकिन बाद में उसकी पहचान आरिफ के रूप में हुई है। वहीं बारादरी थाना पुलिस के मुताबिक मामला सैक्स रैकेट का नहीं बल्कि किरायेदारी के विवाद में मारपीट का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।