पंजाब की ट्रेन पकड़ने के लिए जंक्शन की तरफ जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी मेें पुलिस ने सैंडिल के सोल से दो स्मैक की पुड़िया बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि पंजाब के मालैर कोटला में स्मैक की डिलीवरी देनी थी, लेकिन जंक्शन चौकी इंचार्ज ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी करके कोतवाली लेकर आए। पूछताछ में उसके दो और साथियों के नाम भी सामने आए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
बुधवार रात को जंक्शन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, तलाशी में कुछ नहीं मिलने पर उसकी सैंडिल जांची गई, उसने सैंडिल के सोल को खोखला करके 150 ग्राम स्मैक छिपा रखी थी। जंक्शन चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह ने स्मैक तस्कर को गिरफ्तार करके कोतवाली लाए, जहां उसने बताया कि वह बदायूं के बिनावर का रहने वाला नसीम पुत्र शरीफ अहमद है। गांव के एक बाबू नाम के व्यक्ति ने उसको स्मैक की पुड़िया देकर मालैर कोटला में जाकर एक व्यक्ति को देने के लिए कहा था। उसने बताया कि वह व्यक्ति जंक्शन पर उसे खुद ढूंढ लेगा। वह पंजाब की ट्रेन पकड़ने जा रहा था, इससे पहले गिरफ्तार कर लिया गया। अब एक पुलिस टीम पंजाब भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।