बरेली। अयूब खां चौराहे के पास टीजे मार्केट में एक कबाड़ भरी दुकान में आग लगने के बाद उसका धुआं एलए होटल में भरा तो उसमें ठहरे लोगों में भगदड़ मच गई। होटल में आग लगने की आशंका से होटल से निकलकर वे लोग बाहर आ गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के लिए कबाड़ की दुकान तक जाने का रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने एक दीवार और होटल के शीशे तोड़कर आग बुझाने का रास्ता बनाया। आग बुझाए जाने के बाद पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड ने काफी देर यहां छानबीन की। एफएसओ ने आग लगने के कारणों की जांच के भी निर्देश दिए हैं।
टीजे मार्केट के ऊपरी हिस्से में होटल एलए है जो पड़ोस में बने कृष्णा लॉन का ही हिस्सा है। मार्केट की दुकानों में एक गोदाम जैसी दुकान भी है जिसमें शराब की खाली बोतलों के साथ काफी दूसरी तरह का कबाड़ा भरा रहता है। आसपास के लोगों के मुताबिक यह भी होटल का ही हिस्सा है, हालांकि होटल का स्टाफ इससे इंकार करता है। इसी गोदामनुमा दुकान में मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटों के साथ धुएं का गुबार उठा तो मार्केट के बाहरी हिस्से में अफरातफरी मच गई। धुआं होटल एलए में भी भर गया, इससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। होटल में आग लगने की आशंका से लोग भाग निकले।
सूचना पर एफएसओ सोमदत्त और स्टेशन चौकी प्रभारी सिद्धांत शर्मा टीम के साथ पहुंच गए। दुकान में घुसने की कोशिश की, लेकिन इसके लिए कहीं जगह ही नहीं मिली। इस पर फायर टीम ने गैलरी की दीवार में छेद कर दिया। आग और धुएं का दायरा कम करने को फायर स्टाफ के साथ होटलकर्मी भी लगे और फिर इसी साइड में होटल के कुछ बड़े शीशे तोड़ दिए। इससे होटल में आग पहुंचने की गुंजाइश तो खत्म हो गई पर पूरे परिसर में धुआं भरने से अंदर किसी का ठहरना मुमकिन नहीं था। जैसे-तैसे होटल के स्टाफ ने बाहर निकले लोगों को धुआं निकलने तक के लिए रेस्टोरेंट में बैठाया। करीब घंटे भर यहां अफरातफरी का माहौल रहा।
जहां आग लगी वो भी होटल का हिस्सा बताया जा रहा है। आग लगने की वजह की जांच की जाएगी। हालांकि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। - सोमदत्त, अग्निशमन अधिकारी
टीजे मार्केट के जिस हिस्से में आग लगी उसका होटल से कोई मतलब नहीं। शीशे तोड़ने से उल्टा हमारा नुकसान हो गया। सभी लोग सुरक्षित अपने कमरों में पहुंच गए हैं। - दीपक, प्रबंधक, होटल एलए