बरेली। प्रभा सिनेमा के मालिक का पोता शुक्रवार सुबह कहासुनी के बाद घर छोड़कर जाने के बाद आधी रात को नाटकीय ढंग से वापस आ गया। प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि एकतानगर निवासी 23 वर्षीय हर्षित अग्रवाल प्रभा टॉकिज के मालिक विष्णु अग्रवाल के पोते हैं। शुक्रवार सुबह परिवार में अनबन होने के बाद घर छोड़ने की धमकी देते हुए कार लेकर निकले और फिर नहीं लौटे। मोबाइल भी स्विच ऑफ था। उन्हें सूचना मिलने के बाद सक्रिय हुए, लेकिन आधी रात को हर्षित खुद ब खुद घर लौट आए।
प्रधान ने कब्जाया, अधिकारियों ने रास्ता खुलवाया
बरेली। समाधान दिवस में बिथरीचैनपुर थाने में पहुंचे डीएम और एसएसपी ने गांव मानपुर भूड़ को जाने वाले चक रोड को खुलवाने के आदेश जारी किए। डीएम वीरेंद्र सिंह और एसएसपी मुनिराज जी. समाधान दिवस में फरियादियों को सुन रहे थे। मानपुर भूड़ के सियाराम, मुकश शर्मा और शब्बीर अहमद ने अधिकारियों को बताया कि उनके गांव की आबादी तीन हजार है। इस गांव के लिए पश्चिम की तरफ से आने वाले रास्ते को प्रधान इज्जत अली और गांव के अलाहनूर ने एक हफ्ता पहले मिट्टी डालकर बंद किया था। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। डीएम और एसएसपी ने मामला समझने के बाद तत्काल रास्ता खुलवाने का निर्देश दिए। इसके निस्तारण के लिए लेखपाल को जांच करने के आदेश दिए है।
आईएमए में आज होगा ‘इश्क तब और अब’
बरेली। आईएमए हॉल में ‘इश्क तब और अब’ ओपन माइक का आयोजन दोपहर दो बजे से होगा। कार्यक्रम में कैंसर पीड़ित जरूरतमंद बच्चों के लिए कार्य कर रहे उदित फ ाउंडेशन को आर्थिक मदद भी दी जाएगी। कार्यक्रम में व्यंगकार, हास्य कलाकार, कवि आदि भी शिरकत करेंगे। रीडर पब्लिकेशन से दिनेश कुशवाहा एवं डॉ. मोनिका शर्मा नवोदित लेखकों का उत्साह वर्धन किया जाएगा।