बरेली। स्वालेनगर बवाल में दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी किला पुलिस ने सातवें दिन रिपोर्ट दर्ज कर ली, इसमें स्थानीय पार्षद समेत चार लोगों को नामजद कराया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने बच्चों के मामूली झगड़े को तूल दिया, जिससे माहौल खराब होने के आसार बने।
चंदननगर निवासी अजय यादव की ओर से यह मामला दर्ज कराया गया है। उनके मुताबिक 11 फरवरी की रात उनके भाई समेत गली के बच्चे स्वालेनगर में लाइनपार मंदिर पर रामायण पाठ में जा रहे थे। रास्ते में पार्षद अलीम सुल्तानी, दानिश, आसिफ और मोबिन ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं। अपने कई साथियों को भी बुला लिया और उन पर पथराव व मारपीट की। इसके बाद फायरिंग के झूठे आरोप में उन्हीं पर रिपोर्ट दर्ज करा दी। अजय ने बताया कि पार्षद की वजह से पहले भी झगड़े हो चुके हैं। थाना प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि पार्षद व तीन अन्य आरोपियों पर रिपोर्ट लिख ली गई है। आरोप गंभीर हैं। दोनों मामलों की निष्पक्ष विवेचना के बाद चार्जशीट लगाई जाएगी। वहीं, पार्षद पक्ष की ओर से आरोपों को गलत बताया गया है। कहा है कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।