बरेली। डोहरा मोड़ पर स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज की चेरेटेबल ट्रस्ट की जमीन पर कब्जेदारी की कोशिश में 30-35 लोगों ने फायरिंग करके दीवार तोड़ दी। रविवार को सिक्योरिटी प्रभारी की तरफ से बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ट्रस्ट के सुरक्षा प्रभारी महेंद्र रस्तोगी निवासी मलूकपुर के मुताबिक शनिवार सुबह 10.35 बजे 16-17 बाइक पर सवार करीब 30-35 बदमाश पहुंचे। प्लाट की दीवार तोड़ने के साथ वह लोग धमकाने लगे। महेंद्र ने तहरीर में लिखा की अमित कुमार, अनिल कुमार, विजेंद्र सिंह को तमंचा दिखाकर बदमाशों ने कहा कि अगर आगे बढ़े तो गोली मार दी जाएगी। जिसके बाद कई राउंड हवाई फायर किए गए। महेंद्र ने तहरीर में जमीन पर अपना मालिकाना हक जताने वाले इंकार अली के भतीजे को पहचानने की बात लिखी है। यूपी 100 पुलिस के पहुंचने पर बदमाश भाग निकले। सिक्योरिटी प्रभारी की तरफ से बारादरी थाने को तहरीर सौंपी गई है। वादी का दावा है कि बतौर साक्ष्य सीसी कैमरा की फुटेज मौजूद है। इंस्पेक्टर कृष्णवीर ने बताया कि वादी की तहरीर आने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है।
तोड़फोड़ से पहले आत्मदाह की धमकी दी गई
इससे पहले चक महमूद नवादा जोगियान के इंकार अली ने शुक्रवार को डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह को यह शिकायत की थी कि नवादा जोगियान में उसने प्लाट की आधी जमीन बेची थी लेकिन खरीददार ने उसकी पूरी जमीन पर कब्जा कर लिया है। उसने पांच जनवरी को कलक्ट्रेट में आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी थी। डीएम ने इस मामले की जांच करने के आदेश एडीएम सिटी को दिए थे। आत्मदाह की धमकी के मद्देनजर शनिवार को कलक्ट्रेट में फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस को बुला लिया गया था। दोपहर में एडीएम सिटी ने शिकायतकर्ता इंकार अली को अपने दफ्तर में बुलाकर इस मामले में उसकी जमीन के रिकार्ड चेक किए। शिकायतकर्ता की खतौनी में प्लाट की पूरी बिक्री होने का ब्योरा दर्ज था।