पीलीभीत बाईपास पर सोमवार रात वैगन आर कार की टक्कर से एक युवक की जान चली गई। उसका छोटा भाई घायल हो गया। इस घटना का मंगलवार को वीडियो वायरल हुआ तो सामने आया कि कार महिला चला रही थी। उसने तीन वाहनों को टक्कर मारी थी। पुलिस महिला की तलाश कर रही है।
सोमवार शाम करीब छह बजे डोहरा की ओर से पीलीभीत रोड पर आ रही तेज रफ्तार वैगन आर मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसे चलाने वाली महिला उसे नियंत्रित नहीं कर सकी। इसके चलते कार ने एक-एक कर तीन वाहनों को अपनी चपेट में लिया। इस हादसे में फीनिक्स माल से लौट रहे कंघी टोला निवासी नाजिम और उनके भाई शोबी घायल हो गए। उपचार के दौरान नाजिम की मौत हो गई। हादसे के बाद कार सड़क के दूसरी ओर जाकर रुकी, मगर यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार को इसका वीडियो वायरल हुआ तो लोग उसे देखकर सिहर उठे। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।