बरेली। निर्माण कार्य अधर में छोड़कर भाग जाने और सड़क क्षतिग्रस्त होने के बावजूद मरम्मत न कराने के आरोप में बरेली हाईवे प्रोजेक्ट लिमिटेड के अध्यक्ष एचएस भड़ाना के खिलाफ थाना फरीदपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई परियोजना निदेशक मुकेश शर्मा की तहरीर पर की गई है।
परियोजना निदेशक मुकेश शर्मा ने अपनी तहरीर में कहा है कि ‘राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 कार्य मार्च 2011 में शुरू हुआ था और इसे 26 अगस्त 2013 में पूरा होना था। मगर काम करने वाली कंपनी मैसर्स बरेली हाईवे प्रोजेक्ट लिमिटेड (ईपीसी कांट्रेक्टर इरा इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड) द्वारा आज तक काम पूरा नहीं किया गया है। पिछले चार महीने से काम पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और अनुचित रूप से नुकसान पहुंचाने के इरादे से कंपनी कार्यस्थल को छोड़कर चली गई है। इससे सरकार को हानि हो रही है। पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है फिर भी कंपनी द्वारा कोई मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। इससे वहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कंपनी का बीच में निर्माणस्थल छोड़कर चले जाना पूर्णतया गैर-कानूनी एवं गैर-जिम्मेदाराना है। इसके लिए निर्माणकर्ता कंपनी मैसर्स बरेली हाईवे प्रोजेक्ट लिमिटेड के अध्यक्ष एचएस भड़ाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए।’ यह तहरीर मिलने के बाद फरीदपुर पुलिस ने कंपनी के अध्यक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुख्यालय के आदेश के बाद बरेली-सीतापुर फोरलेन का काम पूरा न करने वाली कंपनी पर फरीदपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। अब कंपनी के खिलाफ अन्य जिलों में रिपोर्ट दर्ज कराने की जरूरत है। - आकांक्ष दीक्षित, डिप्टी मैनेजर, एनएचएआई