फोटो -- वीडियो वायरल
ड्यूटी लगाने के बदले होमगार्ड से की बीबी को भेजने की पेशकश
होमगार्ड की बीवी ने पुलिस लाइन स्थित दफ्तर में काटा हंगामा
व्हाट्सऐप पर वायरल हुई वीडीओ, अफसर बोले- शराबी है होमगार्ड
सीओ ट्रैफिक को सौंपी गई है मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। होमगार्ड और उसकी पत्नी ने बृहस्पतिवार रात पुलिस लाइन में जमकर हंगामा काटा। उनका आरोप था कि यातायात मेजर कार्यालय पर तैनात एचसीपी होमगार्ड की ड्यूटी नहीं लगाता है। जब वह ड्यूटी लगाने के लिए कहता है तो एचसीपी उससे अपनी बीवी को भेजने के लिए कहता है। होमगार्ड की पत्नी को जब यह पता चला तो उसने दफ्तर में जमकर हंगामा किया। एचसीपी को खूब खरी-खोटी सुनाई। होमगार्ड एसपी ट्रैफिक कमलेश बहादुर से शिकायत करने पहुंचा तो उन्होंने उसे शराब के नसे में धुत बताकर कमरे से निकाल दिया। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि मामले की जांच सीओ ट्रैफिक को सौंपी गई है।
विवादित है होमगार्ड
होमगार्ड और उसकी पत्नी के हंगामे का पब्लिक ने वीडियो भी बना लिया जो शहर के कई व्हाट्सऐप ग्रुपों पर वायरल होता रहा। यातायात कार्यालय के मुताबिक होमगार्ड विवादित है। उसके खिलाफ उसकी बीवी ने ही थाने में रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। वह शराब पीने का आदी है। एसपी ट्रैफिक कमलेश बहादुर ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।