पांच बेटियों के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताकर घर से निकाला
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। लगातार पांच बेटियां होने से नाराज शराबी पति ने पत्नी को पीटकर घर से निकाल दिया। स्थानीय समाजसेवी की शिकायत पर पुलिस ने पति को पकड़ लिया। पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई तो पति को शांतिभंग में जेल भेज दिया गया।
तिलक कॉलोनी निवासी सुहानी को उनकी पांच महीने की बेटी पलक के साथ समाजसेवी पवन कुमार सुभाष नगर थाने लाए थे। सुहानी ने बताया कि पति राजेश्वर एक होटल में कारीगर है। वह जो कमाता है, उसे शराब और जुएं में उड़ा देता है। जुएं में हार का गुस्सा वह उनको पीटकर उतारता है। कहता है, तूने पांच बेटियां पैदा कर लीं, एक बेटा नहीं कर सकी। सुहानी ने बताया कि उनकी पांच बेटियां रिशिता, रितिका, इशिका, छाया और पलक हैं। सबसे बड़ी बारह साल की तो छोटी पांच महीने की है। वह खुद कारचोबी का काम कर किसी तरह घर चलाती हैं। एक दुपट्टे पर काम के पांच रुपये मिलते हैं। दिन में पांच से सात दुपट्टे निकाल पाती हैं। सुहानी ने बताया कि बृहस्पतिवार को फिर पति ने उनकी पिटाई की और घर से निकाल दिया। इसके बाद मोहल्लेवालों ने पुलिस बुला ली। थाने में सुभाष नगर चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह ने सुहानी से पति के खिलाफ तहरीर देने को कहा तो उसने मना कर दिया। गजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को शांतिभंग में जेल भेजा गया है।