अमर उजाला मुद्दा
फोटो --
पतंगबाजों ने सेफ्टी वायर उड़ाया तो मांझे ने फिर खून बहाया
फाइनेंस कंपनी के एजेंट की चायनीज मांझे से नाक कटी
नाक के साथ गाल और हाथ में भी लगाए गए दस टांके
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। आखिर वही हुआ जिसके बारे में एक दिन पहले अमर उजाला ने चेताया था। पतंग लुटेरों ने श्यामगंज पुल पर मांझा गिरने से रोकने के लिए लगाए गए सेफ्टी वायर क्या उड़ाए कि हादसा हो गया। सोमवार शाम बाइक पर पुल से गुजर रहे एक फाइनेंस कंपनी के एजेंट के चायनीज मांझे की चपेट में आने के बाद नाक, गाल और हाथ पर गहरे घाव हो गए। पुल से गुजर रहे कुछ लोग उन्हें लहूलुहान देख फौरन खुशलोक अस्पताल ले गए जहां उनके घावों पर दस टांके लगाए गए। हादसे के बाद लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश नजर आया।
संजयनगर में रहने वाले विरेंद्र सिंह एक निजी फाइनेंस कंपनी में बतौर एजेंट नौकरी करते हैं। सोमवार शाम पांच बजे वह ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। श्यामगंज पुल पर चायनीज मांझे की चपेट में आने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। उठकर उन्होंने मांझे का कसाव रोकना चाहा तो चेहरे के साथ हाथ का अंगुठा भी कट गया। उन्हें लहूलुहान देखकर कुछ राहगीर मदद के लिए आगे आए। विरेंद्र के जिस्म में लिपटे मांझे को अलग करने के बाद उन्हें लहूलुहान हालत में खुशलोक अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी नाक, गाल और हाथ पर गहरे घाव मिले। डॉक्टरों ने करीब दस टांके उनके घावों पर लगाए हैं, जिसके बाद उनके परिवार के लोग उन्हें घर लेकर गये। लोगों में इस घटना के बाद काफी आक्रोश नजर आया। क्योंकि प्रशासन ने पुल पर दोनों तरफ तार लगाकर मांझे से होने वाले हादसों को रोकने का दावा किया था, लेकिन पिछले दिनों आई आंधी में तार टूटने और कुछ पतंगबाजों द्वारा तोड़े जाने के बाद दोबारा लगाने की जहमत नहीं की गई, जिसकी वजह से दोबारा हादसे होने लगे हैं।
बिजली चोरी के चलते फुंके थे स्विच बॉक्स
पिछले दिनों श्यामगंज पुल पर लगी स्ट्रीट लाइट के स्विच बॉक्स फॉल्ट होने के बाद फुंक गए थे। इसके चलते तीन-चार दिन वहां की बिजली बंद रही थी। जांच में सामने आया कि आसपास के कुछ लोगों ने पोल पर लगे स्विच बॉक्स में गड़बड़ी कर बिजली चोरी का प्रयास किया था, जिसके चलते ही यह फॉल्ट हुए थे।
-------------------
फोटो...
नगर निगम लगवाएगा वायर
नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सेतु निगम ने पुल अभी हैंडओवर नहीं किया है इसलिए वहां की सड़क आदि की जिम्मेदारी उन्हीं की बनती है। इस पर होने वाले हादसों के रोकथाम की जिम्मेदारी पुलिस की है। मगर मामला जनहित से जुड़ा है और तार न होने की वजह से लोग चोटिल हो रहे हैं तो नगर निगम अपने प्रयासों से वहां वायर लगवाएगा।