लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के जूनियर इंजीनियर से शाहदाना के कंप्यूटर व्यवसायी ने अपना मकान बेचने का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी के आदेश पर मंगलवार को कोतवाली में व्यवसायी, उसके भाई और मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मूलरूप से मेरठ के न्यू गोविंदपुर कंकरखेड़ा के रहने वाले जितेंद्र कुमार वर्तमान में लखनऊ विकास प्राधिकरण में जेई हैं। छह महीने पहले जब वह यहां इज्जतनगर के जगदीश विहार में रहते थे तब उन्होंने राजेंद्रनगर की आवास विकास कॉलोनी निवासी इंद्रदीप अरोड़ा से 36.17 वर्गमीटर में बने मकान का 12 लाख रुपये में सौदा किया था। इंद्रदीप की शाहदाना के पास कंप्यूटर की दुकान है। सौदा तय होने के बाद जितेंद्र ने इंद्रदीप को 10 लाख रुपये भी पेशगी दे दिए। इसके बाद इंद्रदीप इकरारनामा का वक्त बढ़वाता रहा। जब कई महीने बाद भी उसने मकान का बैनामा नहीं कराया, तो जितेंद्र ने उससे अपने रुपये वापस मांगे। बाद में उन्हें पता चला कि इंद्रजीत के भाई कुलजीत सिंह अरोरा और मां सिमरन कौर ने मकान नैनीताल रोड, बहेड़ी निवासी गगनप्रीत को बेच दिया है। कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल के मुताबिक मामले की रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।