बरेली। नवीं का रिजल्ट लेकर स्कूल से घर लौट रही छात्रा को उसके कथित अंकल परीक्षा में पास होने की मिठाई खिलाने के बहाने होटल में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पांच दिन बाद घरवालों को पता लगा तो उन्होंने शुक्रवार को थाना कैंट में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट इलाके के एक गांव की किशोरी एक प्रतिष्ठित स्कूल में दसवीं की छात्रा है। उसकी मौसी कैंट के ही आरए बाजार में रहती हैं। पिता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक 25 मार्च को उसकी बेटी 9वीं का रिजल्ट लेकर सात साल की मौसेरी बहन के साथ उसके घर जा रही थी। तभी पोस्ट ऑफिस के पास उनके गांव का ही 45 वर्षीय परिचित मिला। उनकी बेटी उसे अंकल कहती थी। उसने पहले तो उसकी बेटी से उसका रिजल्ट पूछा और फिर पास होने की मिठाई खिलाने के बहाने गांधी उद्यान के पास एक होटल में ले गया। साथ जा रही मौसेरी बहन को उसके घर भेज दिया। आरोपी ने होटल में अपनी आईडी जमा करके कमरा बुक किया और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। फिर शिकायत न करने की धमकी देकर चला गया। लड़की तभी से गुमसुम थी। उसकी तबियत भी खराब थी। गुरुवार को उसकी मां ने उससे पूछा तो उसने रोते हुए पूरा वाकया बताया। पुलिस घटनास्थल के आधार पर इस केस को कोतवाली ट्रांसफर करेगी।
आरोपी और पीड़िता के परिवार ने किया है धर्म परिवर्तन
किशोरी और आरोपी दोनों ही अनुसूचित जाति के हैं। किशोरी के परिवार ने कई साल पहले ईसाई धर्म अपना लिया तो आरोपी ने भी ढाई साल पहले ईसाई धर्म अपना लिया। तब से अक्सर चर्च की प्रार्थना सभा में इन लोगों की मुलाकात होती थी। पिता के मुताबिक उसकी 15 वर्षीय बेटी उससे भी ज्यादा उम्र के इस व्यक्ति को अंकल कहती थी, इसीलिए भरोसे में उसके साथ चली गई। आरोपी की शादी नहीं हुई है।
शिकायत के आधार पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हम आरोपी को जल्द पकड़ लेंगे। छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। चूंकि घटनास्थल कोतवाली का है, इसलिए केस वहां ट्रांसफर किया जा रहा है। - अशोक पाल, इंस्पेक्टर कैंट