बहेड़ी। मठकरिया व रिछौली के बीच रविवार सुबह ग्रामीणों ने फिर तेंदुए को देखा। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने तेंदुए को किच्छा नदी के पार जाते देखा। बताया, वन विभाग को सूचना दी लेकिन उन्होंने अनदेखा कर सुरक्षित रहने की बात कहकर टरका दिया। तेंदुए के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत बरकरार है।
मठकरिया व रिछौली गांव के जंगलों में तेंदुए को रविवार सुुबह सरदार जसपाल सिंह, सतनाम सिंह ने किच्छा नदी के पार जाते हुए देखा। तेंदुए को देख काफी दूरी से ही उल्टे पांव अपने डेरे की ओर भाग आए। तेंदुए के फिर आने का हल्ला आस पास के सभी झालों में फैल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी के किनारे के जंगल में जाना मुनासिब नहीं समझा। मामले की सूचना रेंजर रवींद्र सक्सेना को दी गई। रेंजर ने सुरक्षित रहने की सलाह दी और कहा सोमवार को गांव जाकर पगचिन्ह दोबारा से ट्रेस किए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यूपी व उत्तराखंड के बार्डर पर किच्छा नदी बह रही है। तेदुंआ मठकरिया से लेकर उत्तराखंड के अंजनियां गांव के जंगल में ही विचरण कर रहा है अगर उसे निकल जाना होता तो कब का निकल गया होता। ग्रामीण इससे बेहद खौफजदा हैं। वहीं रेंजर रवींद्र सक्सेना का कहना है कि ग्रामीणों को डरने की जरुरत नहीं है। तेंदुए का मूवमेंट एरिया की निश्चित दूरी देखे जाने के बाद ही उसको पकड़ने की तैयारी की जा सकती है। अभी उम्मीद है कि सह इस इलाके को छोड़ सकता है।