भुता। सड़क हादसे शनिवार को मां-बेटी की मौत हे गई। बाइक सवार दंपती अपने दो बच्चों के सात बीसलपुर के एक गांव जा रहा था। भुता में मरेला चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
थाना बिथरी चैनपुर के गांव उदयपुर जसरथपुर निवासी मोहम्मद इलियास बाइक से पत्नी खुशनसीब, छह माह की बेटी अलीशा और छह वर्षीय बेटे वारिस के साथ रिश्तेदारी में बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव जल्लापुर जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे भुता से करीब दो किलोमीटर पहले मरेला चौकी पर बरेली की ओर से आए ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची भुता पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भिजवाया। रास्ते में खुशनसीब और अलीशा ने दम तोड़ दिया। जबकि इलियास और वारिस की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। अभी मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।