बरेली। दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। बिना रुपये लाए आने पर जलाकर मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात विवाहिता की तरफ से पति समेत ससुराल के नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मारपीट और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
पीलीभीत के मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी रेनू सिंह पुत्री महेश लाल ने बताया कि उनकी शादी 22 फरवरी, 2016 को इज्जतनगर के छोटी बिहार कॉलोनी के अमित आजाद से हुई थी, लेकिन ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से ही ससुराल वाले 10 लाख रुपये की मांग को लेकर परेशान करने लगे। रुपये न देने पर ससुराल वालों ने 26 अक्तूबर, 2018 को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि बिना मांग पूरी किए वापस आने पर ससुरालियों ने जलाकर मारने की धमकी दी। एसपी से शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि पति अमित आजाद, ससुर रामभजन, सास शकुंतला देवी, जेठ सुभाष आजाद, ननद सविता, विनीता, सोनी, ननदोई प्रेम कुमार, राजा के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।