हाफिजगंज (बरेली)। पीलीभीत हाईवे किनारे गुरुवार सुबह वाक को निकले दो छात्रों को मांस भरी वैन ने कुचल दिया। एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वैन भी खाईं में पलट गई। जब ग्रामीणों के सूचना देने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची तो ग्रामीणों और विहिप कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। रोड जाम करने की कोशिश भी की। बाद में पहुंची कई थानों की फोर्स ने लोगों को समझाकर शांत कर दिया। पुलिस के मुताबिक कार में शहर के एक स्लाटर हाउस से लाया जा रहा वैध मांस था। वाहन नंबर के आधार पर रिपोर्ट कर ली गई है।
गांव सुड़ियावा निवासी अरविंद गंगवार का इकलौता पुत्र 20 वर्षीय प्रशांत कानपुर में बीएससी सेकेंड ईयर का छात्र था। इन दिनों वह छुट्टी पर आया था। सेना में नौकरी की तैयारी की वजह से प्रशांत रोज सुबह साथियों के संग टहलने और व्यायाम करने जाता था। गुरुवार सुबह छह बजे प्रशांत अपने दोस्त 19 वर्षीय रोहिताश पुत्र हेमेंद्र के साथ दौड़ लगाकर पीलीभीत हाइवे से सटे अपने गांव के कच्चे खडंजे पर बैठ गया था। इस दौरान बरेली की ओर से तेज गति से आ रही मांस भरी मारुति वैन दोनों को रौंदती हुई खाई में जा गिरी। चीखपुकार पर आसपास के लोग दौडे़ और घायल छात्रों को एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल भिजवाया। लेकिन प्रशांत ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
उधर, ग्रामीणों ने वैन में झांककर देखा तो उसमें पशु मांस भरा था। ग्रामीणों ने डायल 100 पर सूचना दी, लेकिन जब काफी देर तक पुलिस नहीं आई तो ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने खुद ही वैन की तलाशी ली। उसमें शेरपुर कलां पीलीभीत के एक व्यक्ति का आधार कार्ड मिला। ग्रामीण उसे पकड़वाने की जिद पर अड़ गए। कुछ देर में विश्व हिंदू परिषद व गौ रक्षा समिति के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और हाईवे जाम करने पर अड़ गए। सूचना पर एसओ सौरभ सिंह, इंस्पेक्टर नवाबगंज गौरव सिंह यादव, एसओ क्योलड़िया के बाद सीओ नवाबगंज पीपी सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क से हटाया।
‘पुलिस ने जांच में पाया है कि मामला मांस तस्करी का नहीं है। मांस बरेली के एक स्लाटर हाउस से क्षेत्र की दुकानों पर वैध तरीके से ले जाया जा रहा था। वैन के अनियंत्रित हो जाने या तेज चलाने की वजह से हादसा हुआ और वैन में सवार लोग ग्रामीणों की पिटाई के डर से फरार हो गए। एक्सीडेंट का मामला दर्ज किया गया है, वैन ड्राइवर को गिरफ्तार किया जाएगा।’
- मुनिराज जी, एसएसपी