फरीदपुर। घर के बाहर दुकान पर सामान लेने गई बच्ची के सिर पर बंदर ने ईंट गिरा दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई।
कस्बे के मोहल्ला फर्रखपुर निवासी जाहिद की सात वर्षीय पुत्री अलीबा बुधवार को मोहल्ले में ही एक दुकान पर सामान लेने गई थी। वहां बैठे बंदर ने ऊपर से एक ईंट गिरा दी, जो अलीबा के सिर पर आकर लगी, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शाम करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई।
बंदरों के आतंक से लोग परेशान
कस्बे के कई मोहल्लों में बंदरों का आतंक बढ़ गया है। इनके कारण अक्सर घटनाएं होती रहती हैं। बंदर छतों पर बच्चों और बड़ों को काफी परेशान करते हैं। कुछ समय पहले बंदर पकड़वाए जा चुके हैं, फिर भी इनकी संख्या कम नहीं हुई है। आए दिन यह लोगों पर हमला कर देते हैं। घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते हैं और तोड़फोड़ करते हैं।