भुता (बरेली)। दौलतपुर निवासी एक युवती की सोमवार को हादसे में मौत हो गई। युवती शादी की खरीदारी करके भाई और चाची के साथ लौट रही थी। रास्ते में इनकी बाइक को एक बस ने टक्कर मार दी। एक हफ्ते बाद युवती की बारात आने वाली थी। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
थाना भुता क्षेत्र के गांव दौलतपुर करेना निवासी जाफरीन (20) अपने भाई इकरार और चाची असगरी बेगम के साथ बीसलपुर में खरीदारी के बाद बाइक से घर लौट रही थी। एक ही बाइक पर तीनों सवार थे। भुता-बीसलपुर मार्ग पर रसूलपुर वाहनपुर के पास बरेली की ओर से आ रही प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों उछलकर दूर जा गिरे, बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से बरेली चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने जाफरीन को मृत घोषित कर दिया। इकरार और असगरी की हालत भी काफी चिंताजनक बताई जाती है। मृतक जाफरीन के पिता नन्हे बख्श तांगा चालक हैं। जाफरीन की शादी बीसलपुर के बडे़गांव निवासी अलाउद्दीन के साथ तय हुई थी। उसकी बरात 15 जुलाई को आनी थी। अचानक हादसे से घर में शादी की तैयारी के बीच मातम छा गया।