फरीदपुर (बरेली)। प्रेमी के साथ घर से भागकर निकाह करने वाली बेटी की हत्या कर पिता ने शव को आननफानन में दफना दिया। ऑनरकिलिंग की सूचना के बाद पुलिस पहुंची तो उसने बीमारी से बेटी की मौत का दावा किया। इससे बिना कार्रवाई पुलिस लौट आई। मोहल्ले में खासी चर्चा है।
नगर के एक मोहल्ले में कुछ माह पहले सत्रह वर्षीय लड़की अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। उसने प्रेमी से निकाह कर लिया। यह बात परिवारवालों को अच्छी नहीं लगी। सूत्र बताते हैं कि परिवार ने पुलिस से शिकायत करने की बजाय किसी तरह बेटी सं संपर्क साधा और उसे मना लिया। वे उसे समझाकर घर ले आए। तब से वह घर पर ही रह रही थी। मोहल्ले में चर्चा है कि मंगलवार रात लड़की के पिता ने उसकी हत्या कर दी और लोगों को बताया कि उसकी तबियत खराब होने मौत हो गई है। बुधवार सुबह जल्दी ही बेटी के शव को पास के कब्रिस्तान में ले जाकर दफना दिया। पिता द्वारा ऑनरकिलिंग के मामले की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरफ फैल गई। सूचना मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। इस पर पुलिस कोतवाली लौट आई।
पुलिस को ऑनरकिलिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर भी गई लेकिन ऐसा कुछ नहीं मिला। किसी ने कोई शिकायत भी नहीं की। पिता ने बताया कि लड़की बीमार हो गई थी, इस कारण उसकी मौत हो गई। - रामानंद राय, सीओ फरीदपुर