बरेली। शिक्षक अवधेश कुमार की हत्या की मुख्य आरोपी उनकी पत्नी विनीता समेत तीन लोगों के जेल जाने के बाद पुलिस ने अब तक फरार बाकी पांच आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सोमवार को इज्जतनगर पुलिस की दूसरी टीम उनकी तलाश में फिरोजाबाद रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि ये पांचों आरोपी अदालत में हाजिर होने का रास्ता बनाने के लिए जोड़तोड़ में जुटे हुए हैं।
अवधेश कुमार की हत्या के मामले में उनकी पत्नी विनीता को जेल भेजा जा चुका है। उसके पिता, भाई और प्रेमी समेत पांच आरोपी अब तक फरार हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बरेली पुलिस की एक टीम फिर फिरोजाबाद भेजी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी दबाव में हैं और कोर्ट या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने की फिराक में हैं। पुलिस फिरोजाबाद में उनके रिश्तेदारों और परिचितों की धरपकड़ कर उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी। उधर, फिरोजाबाद जेल में बंद हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर शेर सिंह उर्फ चीकू को भी 20 नवंबर को बरेली सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उसे भी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
अवधेश की मां ने नाती पर ठोका दावा
कहा- हत्यारों के साथ नहीं रहने दूंगी
अवधेश की मां अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि वह जल्द ही अवधेश के पांच साल के बेटे को सुपुर्दगी में लेने के लिए अदालत में अर्जी देंगी। उन्होंने कहा कि उनका नाती फिलहाल विनीता के घरवालों के कब्जे में है। विनीता ने पहले ही उसे उन लोगों के खिलाफ काफी भड़का रखा है। वह उसे उनके पास नहीं रहने देती थी। वह नहीं चाहतीं कि उनका नाती की परवरिश उनके बेटे के हत्यारोपी करें।