तिकुनियां। कोतवाली क्षेत्र में पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद देवर ने बहन को मोबाइल पर कॉल कर भाई को मार डालने की जानकारी दी और भाभी को लेकर भाग गया। सूचना पर जब मृतक की बहन घर पहुंची तो शव कमरे में पड़ा देखा। बहन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खून के धब्बे लगी लकड़ी की मथनी बरामद की है। पुलिस ने पत्नी व देवर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। घटना की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
थाना सिंगाही के गांव रमुआपुर निवासी राजविंदर कौर ने बताया कि उसके भाई संदीप सिंह (31) व गुरदीप सिंह गांव रायपुर कोल्होरी में रहते हैं। छोटे भाई गुरदीप सिंह ने शनिवार की सुबह करीब 11.30 बजे उसके मोबाइल पर कॉल की और बताया कि मैने बड़े भाई संदीप सिंह को मार दिया है। शव घर के अंदर कमरे में पड़ा है। मैं भाभी अमनदीप कौर को लेकर घर से जा रहा हूं। हत्या करने की सभी रिश्तेदारियों को भी सूचना दी है। इतना कहकर गुरदीप सिंह ने कॉल काट दी। अनहोनी की आशंका पर वह अपने पति रेशम सिंह के साथ गांव रायपुर कोल्हौरी पहुंची। घर के दरवाजे खुले थे। कमरे के अंदर भाई का शव चारपाई पर पड़ा था। छोटा भाई गुरदीप सिंह व भाभी अमनदीप कौर भी गायब थी। दोनों के मोबाइल स्विच ऑफ हैं। भाई का शव देख वह चीखने-चिल्लाने लगी। इस पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। शव के नाक से खून निकल रहा था। गर्दन दबाने व नाखूनों के निशान थे। मौके पर दूध मथने वाली लकड़ी की मथनी पड़ी थी, जिसमें खून भी लगा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मथनी को कब्जे में लिया है। मृतक संदीप सिंह की बहन राजविंदर कौर की तहरीर पर पुलिस ने गुरदीप सिंह व मृतक की पत्नी अमनदीप कौर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है, लेकिन दबी जुबान लोग मृतक की पत्नी व देवर के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा कर रहे है। आशंका जताई जा रही है कि इसी को लेकर संदीप सिंह की हत्या की गई है।
प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या करना लग रहा है। मथनी पर खून की छींटे मिली हैं, इसलिए पुलिस ने मथनी को कब्जे में लिया है। मृतक की पत्नी व भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रेम संबंधों की बात सामने आ रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
हनुमान प्रसाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तिकुनियां