कई घंटे पूछताछ कर छोड़ा, एक भाई यहां सेंट्रल जेल में बंद
बदायूं/ बरेली। बदायूं के इस्लामनगर कस्बे के जावेद खां नाम के फर्नीचर व्यापारी को बृहस्पतिवार को एटीएस उठा ले गई। कई घंटे पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। उसके पाकिस्तान से कनेक्शन होने के शक में एक शिकायत के बाद पूछताछ की गई।
50 वर्षीय जावेद को दोपहर 12 बजे उसकी फर्नीचर दुकान से एटीएस ने दबोच लिया। अचानक हुई कार्रवाई से लोग हैरान थे। एटीएस ने जावेद के परिवार के पांच मोबाइल भी कब्जे में ले लिए। दरअसल एटीएस को सूचना मिली थी कि उसके पाकिस्तान कनेक्शन हैं। जावेद ने एटीएस को बताया कि उसकी बुआ पाकिस्तान में रहती थीं। 1984 में उसने बुआ के पास रहकर टेलर का काम किया। दोबारा 1999 में बुआ को बुलाने गया। उस समय कारगिल युद्ध होने से बुआ को वीजा नहीं मिला तो वह महीने भर में लौट आया। 2001 में बुआ की पाकिस्तान में ही मौत हो गई। बुआ की मौत के बाद से वह या उसके परिवार का कोई सदस्य पाकिस्तान नहीं गया है। कुछ रिश्तेदारों से उसकी और परिवार के लोगों की फोन पर बात भी होती है। बरेली में कई घंटे पूछताछ के बाद एटीएस ने जावेद को छोड़ दिया। यह भी पता लगा कि जावेद का भाई नवाब लंबे समय से बरेली सेंट्रल जेल में सजा काट रहा है। उसके परिवार की देखरेख भी जावेद करता है। डीआईजी रेंज राजेश पांडेय ने बताया कि एटीएस ने ही सूचना पर पड़ताल की है। पुलिस का इससे मतलब नहीं है।