ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में देर रात पुलिस ने की थी कार्रवाई
बरेली। डीडीपुरम के ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में बुधवार रात हुक्काबार पकड़ने के बाद प्रेमनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि अभी पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई है।
प्रेमनगर क्षेत्र के डीडीपुरम स्थित ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में बुधवार रात पुलिस ने छापा मारा था। यहां नाबालिगों को हुक्का परोसा जा रहा था। पुलिस को देखते ही रेस्टोरेंट मालिक डीडीपुरम निवासी नावेद खान मौके से भाग निकला था। यहां से पुलिस ने छह टिक्की कोयला, एक डिब्बा फ्लेवर, हुक्का, सिगरेट भी बरामद की थी। साथ ही रेस्टोरेंट में काम कर रहे बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला कटरा चांद निवासी दीपक को गिरफ्तार कर लिया था। प्रेमनगर पुलिस की इस कार्रवाई क्षेत्र में खासा हड़कंप मचा है। रेस्टोरेंट के नाम पर हुक्का परोसने वालों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में इससे पहले भी दो रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं।
धड़ल्ले से चल रहे हैं हुक्का बार
शहर के पॉश इलाकों में बने रेस्टोरेंटों में हुक्का बार पुलिस की साठगांठ से धड़ल्ले से चल रहे हैं। पुलिस भी सक्रिय दिखती रहने के लिए कभी-कभी कार्रवाई करती रहती है। प्रेमनगर क्षेत्र की ही बात करें तो यहां अब हुक्का बारों की संख्या बढ़ गई है। पिछले कुछ ही दिनों में एकता नगर में एक नया हुक्का बार खुला है।