एक शिक्षक का बैग गायब हो गया, जो कुसुमनगर के एक परिवार के पास मिला, लेकिन उसमें से काफी कीमती सामान चोरी हो चुका था। साक्ष्य जुटाकर शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर आए दंपती ने एसपी क्राइम से शिकायत की। महिला ने खुद बुना हुआ पति का स्वेटर ज्यादा कीमती बताकर दिलाने की मांग की। इस पर एसपी ने इंस्पेक्टर बारादरी को कार्रवाई का आदेश दिया।
बिथरी के सैदपुर कुर्मियान निवासी ज्ञानेंद्र कनौजिया कोचिंग सेंटर चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को रिक्शे से ससुराल सनराइज कॉलोनी जाते वक्त एक बैग रास्ते में गिर गया। सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि बैग कुसुमनगर में एक घर के बाहर गिरा था। उसे एक लड़की उठाकर घर में ले गई। अगले दिन उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो उन लोगों ने बैग घर के बाहर फेंक दिया, लेकिन उसमें रुपये, जेवर समेत काफी सामान गायब था।
शुक्रवार को ज्ञानेंद्र की पत्नी नेहा गंगवार एसपी क्राइम रमेश भारतीय से मिलीं। कहा- बैग में उनके हाथ का बुना पति का स्वेटर और टेबलेट भी था। ये दोनों चीजें मिल जाएं। ये उनके लिए बहुत कीमती हैं। एसपी क्राइम ने उन्हें आश्वासन दिया कि साक्ष्य मौजूद हैं तो बैग का हर सामान दिलाया जाएगा।