भमोरा व बिशारतगंज इलाके की वारदातें भी कबूलीं, बिशारतगंज पुलिस ने की पूछताछ
बिशारतगंज/कासगंज। भमोरा व बिशारतगंज इलाके में सड़क पर कीलों वाला पट्टा डालकर वाहन पंचर कर लूट की ताबड़तोड़ वारदातें करने वाले पटरा गैंग को कासगंज के थाना गंजडुडवारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहां गिरोह ने बिशारतगंज व भमोरा इलाके में वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
बदमाशों ने छह अगस्त की रात बिशारतगंज चाढ़पुर मार्ग पर बोलेरो पंचर कर बेहटा बुजुर्ग गांव के चार लोगों से लूट की थी। लूट के खुलासे के लिए एसपी क्राइम ने एसओजी को लगाया था। इसके बाद 12 अगस्त की रात राजूपुर अखा मार्ग पर शहबाजपुर गांव के पास तीन वाहनों को पंचर कर लूट की गई। 14 अगस्त को एडीजी ने लूट की वारदात वाले स्थलों का निरीक्षण कर खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस बदमाशों को पकड़ना तो दूर लूट की वारदातें रोकने में कामयाब नहीं हो सकी थी। बदमाशों ने भमोरा इलाके में टेंपो से लूट के अलावा भमोरा थाना पुलिस की सरकारी गाड़ी पंचर कर दी थी। बदमाशों को पकड़ने में नाकाम पुलिस ने 13 सितंबर से संपर्क मार्गों पर रात 9 बजे के बाद यातायात बंद कर वाहनों की रम्पुरा अलीगंज मार्ग से आवाजाही कानवाय लगाकर शुरू कराई। यह व्यवस्था अब तक लागू है। 25 अक्टूबर की रात अखा गांव के पास एक टेंपों को पंचर कर लूट लिया गया था।
शनिवार रात कासगंज जिले की गंजडुंडवारा पुलिस को सूचना मिली की पटरा गैंग गोरहा नहर पर सक्रिय हैं। पुलिस ने घेराबंदी की। गढ़का की ओर से कुछ संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने रोड होल्डअप की वारदातें कबूल कीं। आरोपियों ने अपना नाम हरमीत पुत्र रामचरन निवासी उझानी, किशोर पुत्र नरेश निवासी वजीरगंज बदायूं, सुनील पुत्र ज्ञान सिंह निवासी बसावनपुर सहावर, मुन्नालाल पुत्र कालीचरन निवासी नगला उल्फत सोरों, सर्वेश पुत्र बृजपाल निवासी बिल्सी बदायूं, मुन्नालाल पुत्र प्रेमराज निवासी आंवला बरेली और हरी सिंह पुत्र भूरे निवासी फतेहपुरकलां सोरों बताए हैं। गैंग के सरगना हरमीत ने बताया कि उनका गैंग जिले में चार साल से लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा है। कासगंज एसपी सुशील घुले ने पटरा गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये से सम्मानित किया है।