चार दिन पहले मजदूरी करने के लिए दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकाला था पन्नालाल
आंवला। चार दिन पहले दिल्ली मजदूरी करने जाने की बात कहकर घर से निकले युवक की क्षतविक्षत लाश शुक्रवार को गन्ने के खेत में मिली। पुलिस के अनुसार युवक के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया है। बाएं हाथ पर भी कटे का निशान है। पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या कहीं और करके लाश यहां लाकर फेंकी गई है। परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलारी निवासी 36 वर्षीय पन्नालाल उर्फ पन्नू सिंह की क्षतविक्षत लाश बहजुइरया गांव के जंगल में बाबू भट्ठे वाले के गन्ने के खेत में शुक्रवार शाम मिली। सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामप्रकाश और कोतवाल सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। इसी बीच जानकारी मिलने पर पन्नालाल के परिवार वाले भी पहुंच गए। भाई रामभरोसे ने पुलिस को बताया पन्नालाल मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। चार दिन पहले वह मजदूरी करने के लिए दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था। इस संबंध में कोतवाल सुनील कुमार ने बताया अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है।
मां-बेटे के साथ रहता था पन्नालाल
पन्नालाल के पांच भाई हैं। पिता की मौत हो चुकी है। सात साल पहले पत्नी की मौत हो जाने के बाद पन्नालाल अपने इकलौते बेटे और मां के साथ रहता था। बंटवारे में मिली छह बीघा जमीन पर वह खेती भी करता था।