दबंगों ने फायर भी किया, एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज
बरेली। साले के झगड़े में बीचबचाव कर रहे भाजपा नेता को मोहल्ले के ही दबंगों ने पीटकर जख्मी कर दिया। आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में जानलेवा हमला और एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट लिखकर तलाश शुरू कर दी गई है।
भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी गुरुवार सुबह बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुसाई गौंटिया स्थित ससुराल गए थे। उनके साले अमित ने बताया कि वह बहनोई के साथ बातचीत करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ दिन पहले हुए झगड़े को लेकर मोहल्ले के ही शिवम और उसके साथियों ने उन पर फायर कर दिया। वह बाल-बाल बच गए। वह और बहनोई विश्वनाथ भागे तो शिवम और उसके साथी पीछे से आ गए। इन लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने उन्हें बचाया। भाजपा के मीडिया प्रभारी मनोज यादव के साथ साले बहनोई थाने पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिशें देनी शुरू कर दी हैं।