भमोरा क्षेत्र में हुई घटना, रात भर पुलिया के नीचे पड़ा रहा, पुलिस संदिग्ध मार रही घटना
भमोरा (बरेली)। ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार के कर्मचारी को बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर नकदी-बाइक लूट ली और बंधक बनाकर पुलिया के नीचे फेंक गए।। घायल रात भर ठंड में बंधा पड़ा रहा। सुबह उसने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय घटना को संदिग्ध बता दिया।
आंवला निवासी वेदप्रकाश यादव भाजपा नेता हैं। हाल ही में उन्होंने आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक प्रमुख रहे आदेश यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें हटवाया है। वेदप्रकाश का आंवला में नल बोरिंग का बड़ा कारोबार है। गांव गहर्रा निवासी अरविंद उनके प्रतिष्ठान में बोरिंग मशीन का कर्मचारी है। रविवार देर शाम वह काम करके बाइक से घर लौट रहा था। अरविंद के मुताबिक आंवला पंप पर पेट्रोल डलवाकर वह जैसे ही आगे बढ़ा तो उसे लगा कि कोई बाइक से उसका कोई पीछा कर रहा है। उसने आंवला भमोरा मार्ग पर बल्लिया से जाने की जगह खेड़ा मोड़ से जाने वाले मार्ग पर बाइक आगे बढ़ा दी। पीछे देखा तो दो बाइक चल रही थीं जिनमें से एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो लोग बैठे थे। नहर पुलिया पर पहुंचते ही बाइक सवारों ने उसके सिर में पीछे से लोहे की कोई चीज मार दी। इससे वह गिरकर बेहोश हो गया। कई घंटे बाद होश आने पर उसने देखा कि वह पुलिया के नीचे पिलर से बंधा हुआ है। सुबह जब एक ग्रामीण शौच को आया तब उसने शोर मचाकर मदद मांगी। ग्रामीण ने उसके हाथ खोले। उसने देखा कि जेब से 1800 रुपये व मोबाइल के साथ ही उसकी बाइक गायब थी। किसी तरह अरविंद घर पहुंचा और परिवार के साथ थाना आकर पुलिस को तहरीर दी। इस पर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताकर रिपोर्ट ही नहीं लिखी। एसआई परवेंद्र कुमार ने बताया अरविंद शराब का शौकीन है। परिवार के लोग भी मान रहे हैं कि वह नशे में कहीं बाइक छोड़ आया होगा। फिर भी जांच की जा रही है।