दो मामलों में पीड़ितों ने की शिकायत, इंस्पेक्टर कराएंगे जांच
बरेली/बिथरी चैनपुर। बिथरी थाना क्षेत्र के जमीन और मकान से जुड़े दो मामलों में वहां के दरोगाओं की भूमिका को लेकर शिकायत हुई है। एक पीड़ित ने दरोगाओं को बेलगाम बताते हुए एसएसपी ऑफिस में शिकायतें सुन रहे सीओ फरीदपुर से शिकायत की है। कहा है कि अगर मदद नहीं की गई तो उनका परिवार पलायन को मजबूर होगा। दोनों मामलों में बिथरी इंस्पेक्टर जांच कर रहे हैं।
नगीपुर गांव निवासी सुनीता पत्नी धर्मपाल ने एसएसपी दफ्तर आकर जिला जेल चौकी प्रभारी ओरेंद्र सिंह एवं दो सिपाहियों पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि अनुसूचित जाति के लाभार्थी के तौर पर मिली पट्टे की जमीन पर वह घर बना रहे थे। पड़ोसी की शिकायत पर पुलिसवालों ने उनकी और देवर की पिटाई कर दी। बेलगाम पुलिसकर्मियों के डर से वे लोग पलायन को मजबूर हैं। पड़ोसियों से उन्हें जान का खतरा है और पुलिस दूसरे पक्ष को बढ़ावा दे रही है। इस मामले में इंस्पेक्टर बिथरी को जांच के आदेश दिए गए हैं। हालांकि चौकी इंचार्ज ने इसे पड़ोसियों का विवाद बताया है।
दूसरे मामले में रजऊ गांव के संजय शर्मा ने रजऊ चौकी इंचार्ज के खिलाफ शिकायत की है। आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर गांव के हरिनंदन से विवाद है। एडीएम ने लेखपाल को भूमि नापकर संजय को देने का आदेश दिया था लेकिन हरिनंदन ने विवाद पैदा कर दिया। उन्होंने हाईकोर्ट की शरण ली तो यथास्थिति का आदेश जारी हुआ। मगर रजऊ चौकी इंचार्ज ने हरिनंदन पक्ष को खेत में लगा गन्ना कटवा दिया है। संजय ने इसकी शिकायत सोमवार को इंस्पेक्टर बिथरी से की।
नगीपुर वाले मामले में दोनों पड़ोसी अनुसूचित जाति के हैं। सुनीता पक्ष ने 12 फुट ऊंचाई पर अपने मकान का छज्जा निकाला था, जिसका पड़ोसी ने विरोध कर पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने विवादित निर्माण रुकवा दिया था। रजऊ मामले में दरोगा पर लगे आरोप की जानकारी नहीं है। दोनों मामलों में जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। - अशोक कुमार, इंस्पेक्टर बिथरी चैनपुर