बरेली। होटल में ग्राहक और कर्मचारी के बीच तकरार के बाद प्रेमनगर थाने में देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। होटल मालिक के साले ने प्रेमनगर थाने में घुसकर ग्राहक से मारपीट कर दी। ग्राहक को पुलिस ही होटल से पकड़कर लाई थी। हमलावर थाने में दरोगा और सिपाहियों से भी उलझ गए। देर रात इंस्पेक्टर पहुंचे तो दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
रात करीब 11 बजे लल्ला मार्केट के पास होटल में कोहाड़ापीर का युवक खाना पैक कराने गया। होटल कर्मचारी ने खाना न होने की बात कही तो वह गुस्सा हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में ग्राहक ने कर्मचारी से मारपीट कर दी। इसके बाद कर्मचारी ने पुलिस को मोबाइल पर लूट की सूचना दे दी। पुलिस आई और आरोपी युवक के साथ एक कर्मचारी को भी थाने ले गई। करीब आधे घंटे बाद एक हिंदूवादी संगठन के लोगों के साथ होटल मालिक के साले ने थाने आकर आरोपी ग्राहक से मारपीट कर दी। इससे थाने में बखेड़ा हो गया। सिपाहियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो ये लोग उनसे भी उलझ गए। दरोगा पहुंचा तो उससे भी तीखी तकरार हो गई। इंस्पेक्टर प्रेमनगर पहुंचे तो ग्राहक पक्ष के भी कुछ लोग आ गए। इंस्पेक्टर ने दोनों पक्षों को फटकार कर कार्रवाई की बात कही तो उन्होंने समझौता कर लिया।
होटल मालिक और ग्राहक पक्ष पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। किसी वजह से दोनों में झगड़ा हो गया था। दोनों ने अपनी गलती मानकर समझौता कर लिया तो उन्हें भेज दिया गया। थाने में कोई हंगामा नहीं हुआ। - बलवीर सिंह, इंस्पेक्टर प्रेमनगर