सीबीगंज। जाड़े की रातें शुरू होने के साथ ही चोरों का आतंक भी बढ़ गया है। अज्ञात चोरों ने दो घरों और एक लोकवाणी केंद्र के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। तीसरे घर में लोगों के जागने पर चोकर भाग निकले। मगर पुलिस ने एक भी मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की।
घटना थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव की है। गांव के असीमुद्दीन ने बताया कि उनकी पत्नी सहारा बी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बुधवार रात वे लोग अस्पताल में थे। बृहस्पतिवार सुबह घर पहुंचे तो ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखा सोने का हार, झाले, झुमकी, टॉप्स समेत करीब दो लाख का माल गायब था। गांव में ही स्थित दानिश के लोकवाणी केंद्र का शटर भी उठा हुआ था। दुकान के अंदर रखा वीडियो कैमरा, लैपटॉप और चार हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी थी। शकील खान के घर से सोने का हार, झुमके, टॉप्स और चांदी की पाजेब समेत दस हजार रुपये चोरी किए गए। चोरों ने समीर के घर को भी निशाना बनाया लेकिन आहट होने पर लोग जाग गए। उनके शोर मचाने पर चोर वहां से भाग निकले। ताबड़तोड़ चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। चोरी की तहरीर सुबह ही थाने में दे दी गई लेकिन पुलिस ने देर शाम तक किसी भी घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज की।