बरेली। उत्तराखंड की सरिया फैक्टरी के मुनीम से हुई पचास लाख की लूट लखनऊ हाईवे पर जाम की वजह से करीब ढाई घंटा टलने के बाद हुई थी। इस दौरान प्वाइंट पर पहुंच चुके लुटेरों ने खाना खाकर वक्त गुजारा। पुलिस को अब शेष आरोपियों की तलाश है।
शुक्रवार रात बोलेरो सवार बदमाशों ने नैनीताल हाईवे पर अटामांडा के पास किच्छा की शीतला इंडस्ट्री के मुनीम अनिक अग्रवाल की बोलेरो रोककर बैग में रखे 50 लाख रुपये लूट लिए थे। अनिक फैक्टरी के ड्राइवर बिलसंडा निवासी रूपलाल उर्फ मगन के साथ लखनऊ से रकम लेकर बरेली होते हुए किच्छा जा रहे थे। मंगलवार को एसएसपी शैलेश पांडेय ने आठ आरोपियों को मीडिया के सामने पेश करके 47 लाख रुपया बरामद दिखाकर खुलासा कर दिया। बदमाशों से पूछताछ में क्राइम ब्रांच को पता लगा कि ड्राइवर मगन ने उन्हें सात बजे करीब बरेली पहुंचने के संकेत दिए थे। इस हिसाब से लूट का समय करीब साढ़े सात बजे तय करके वे लोग बोलेरो से पौने सात बजे ही भोजीपुरा में घटनास्थल के पास पहुंच गए थे। बाद में पता लगा कि पहले शाहजहांपुर के पास और फिर कटरा-फतेहगंज पूर्वी के बीच जाम में गाड़ी फंसने की वजह से देर हो रही है। इससे लूट का वक्त आगे बढ़ता रहा। तब उन लोगों ने मेडिकल कॉलेज के आगे एक ढाबे पर खाना खाकर वक्त गुजारा। जब मगन ने बरेली से निकलने का मेसेज किया तो वे फिर मौके पर आ गए। लूट में शामिल करेली निवासी बदमाश इकबाल और मददगार चंद्रसेन अभी फरार हैं। अब भोजीपुरा पुलिस कैंट पुलिस की मदद से इन्हें तलाश कर रही है।