बरेली। बच्चा वार्ड में भर्ती कराए बच्चे का इलाज करने के बजाय दो डॉक्टर एक-दूसरे पर उसकी जिम्मेदारी डालते हुए भिड़ गए। काफी बहस के बाद सीएमएस के हस्तक्षेप पर बच्चे का इलाज शुरू किया गया।
जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में मंगलवार देर शाम सर्दी से पीड़ित बच्चा इलाज के लिए भर्ती किया गया। उस समय बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मेंद्र और डॉ. श्रीकृष्णा वार्ड में ही राउंड पर थे। स्टाफ ने बच्चा देखने को कहा तो दोनों एक-दूसरे से बच्चे को देखने के लिए कहने लगे। इस पर दोनों डॉक्टरों के बीच बहस होने लगी। इस पर तीमारदार ने सीएमएस डॉ. टीएस आर्या से शिकायत की। सीएमएस के हस्तक्षेप करने पर डॉ. कर्मेंद्र ने ही बच्चे का इलाज शुरू किया। बता दें कि जिला अस्पताल में बाल रोड विशेषज्ञों की कमी चल रही है। इस वजह से बच्चों का इलाज ठीक से नहीं हो पा रहा है। इसको देखते हुए सोमवार को सीएमएस ने बाल रोग विशेषज्ञ की कमी को लेकर एडी हेल्थ और महिला सीएमएस को पत्र भी लिखा है।