दरोगा के लाइन हाजिर होने के बाद बैकफुट पर आई पुलिस, अब नहीं करेगी कोई कार्रवाई
बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता की शादी के दौरान हुआ बवाल पुरानी खुन्नस में होना बताया जा रहा है। यह खुन्नस इंस्पेक्टर सुभाषनगर और विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों के बीच काफी पुरानी थी। इसके चलते ही रविवार रात मामला गरमा गया। वहीं, पुलिस इस मामले में अब पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रही है। दरोगा विपिन को लाइन हाजिर करने के बाद अब इंस्पेक्टर सुभाषनगर हरिश्चंद्र जोशी की भूमिका की जांच चल रही है।
रविवार को बदायूं रोड पर शिवस्वरूप बरातघर में एबीवीपी कार्यकर्ता दीपक की शादी थी। बरात के दौरान साथी कार्यकर्ता सड़क पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान जाम की सूचना पर पहुंची थाना सुभाषनगर के चीता मोबाइल के सिपाहियों और दरोगा विपिन की विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं से मारपीट हो गई। इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र जोशी फोर्स लेकर पहुंचे तो उनसे भी विवाद हुआ। बाद में करगैना चौकी पर जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंचे एसपी क्राइम रमेश भारतीय ने दरोगा विपिन को लाइन हाजिर करने की सूचना देकर जैसे-तैसे मामला शांत कराया। साथ ही इंस्पेक्टर सुभाषनगर हरिश्चंद्र जोशी के खिलाफ सीओ सेकेंड सीमा यादव को जांच सौंपी दी। सोमवार को मारपीट की इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। इसमें दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर हाथ उठाते दिख रहे हैं। वहीं, चर्चा रही कि इस विवाद का कारण थाना सुभाषनगर में करीब चार महीने पुराने युवती भगाने का प्रकरण था। युवती प्रेम प्रसंग के चलते मुस्लिम युवक के साथ चली गई थी। इस मामले में एबीवीपी के कार्यकर्ता इंस्पेक्टर सुभाषनगर पर कार्रवाई का दबाव बनाने रहे थे लेकिन वह दबाव में नहीं आए। तब से ही यह खुन्नस चली आ रही थी।
दरोगा विपिन को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच सीओ सेकेंड कर रही हैं। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शैलेश पांडेय, एसएसपी