पति ने एक महिला के खिलाफ थाना इज्जतनगर में कराई रिपोर्ट
बरेली। प्रॉपर्टी डीलर ने एक महिला पर अपनी पत्नी का जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने के लिए अपहरण करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पत्नी घर से जेवर और नकदी के अलावा बेटी को भी साथ ले गई है। एडीजी के आदेश पर थाना इज्जतनगर में घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बदायूं में कोतवाली क्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी डीलर का आरोप है कि कुछ दिन पहले अनबन होने के बाद पत्नी थाना हाफिजगंज स्थित मायके चली गई थी। वहां इज्जतनगर क्षेत्र की एक महिला ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और जिस्मफरोशी के धंधे में डालने के लिए अपहरण कर लिया। जैसे-तैसे वह पत्नी को ढूंढकर घर ले गया। मगर महिला लगातार पत्नी के संपर्क में बनी रही। 14 नवंबर को महिला उनके घर से पत्नी का फिर अपहरण कर ले गई। साथ ही उनकी बेटी, एक लाख की नकदी और करीब 10 लाख रुपये के जेवर भी ले गई। प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत के बाद एडीजी के निर्देश पर थाना इज्जतनगर में महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।