एसएसपी के आदेश पर 36 घंटे बाद दर्ज हुई रिपोर्ट, पांच युवक नामजद
बहेड़ी। ममेरी-फुफेरी दो नाबालिग बहनों को गन्ने के खेत में खींचकर पांच युवकों ने दुष्कर्म किया और चार दिन बाद इसका वीडियो भी वायरल कर दिया। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई तो पुलिस ने पहले तो घटना को सीमा विवाद में उलझा दिया, फिर इंस्पेक्टर के प्रमुख सचिव के दौरे में व्यस्त होने की बात कहकर लौटा दिया। एसएसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को 36 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज हुई। इस बीच आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए। इत्तफाक रहा कि बृहस्पतिवार को ही जिले के दौरे पर आए प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने भी जिले में बेतहाशा महिला अपराधों पर चिंता जताई और अफसरों को इस पर सजग भी किया।
थाना बहेड़ी में दर्ज हुई रिपोर्ट के मुताबिक दोनों किशोरियां 17 नवंबर की दोपहर करीब दो बजे पड़ोस के गांव के किसी मौलाना से झाड़फूंक कराने निकली थीं। रास्ते में मिले गांव के एक युवक ने तमंचा दिखाकर उन दोनों को गन्ने के खेत में खींच लिया जहां अंदर पहले से चार युवक बैठे थे। पांचों ने जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया और इसका वीडियो भी बना लिया। दोनों किशोरियां रोते हुए दुष्कर्म का विरोध करती रहीं लेकिन आरोपी नहीं रुके। दुष्कर्म के बाद दोनों लड़कियों को धमकी भी दी कि बुलाने पर दोबारा न आने पर उनका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।
बुधवार को आरोपियों ने व्हाट्सएप दुष्कर्म का वीडियो भी वायरल कर दिया जो पीड़ित किशोरियों के परिवार में भी पहुंच गया। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर लड़कियों के घरवाले देवरनियां थाने पहुंचे तो पुलिस ने बहेड़ी का घटनास्थल बताकर उनसे वहां जाने को कह दिया। पीड़ित बहेड़ी थाने पहुंचे लेकिन वहां भी उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। कहा गया कि इंस्पेक्टर प्रमुख सचिव के कार्यक्रम में हैं, इसलिए बाद में आना। परिजनों ने गुरुवार को भी थाने के चार चक्कर लगाए फिर भी पुलिस ने तहरीर तक नहीं ली। देर शाम एसएसपी की जानकारी में मामला आया तो उन्होंने बहेड़ी पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने इसके बाद मुख्य आरोपी वसीम के साथ पड़ोस के गांव के शाबेज खां, अखलाक, आरिफ और आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन इस बीच आरोपी गांव से भाग गए।
सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर पांच युवकों पर रिपोर्ट दर्ज करा ली गई है। लड़कियां नाबालिग बताई जा रही हैं इसलिए पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। - शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी