फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा का झंडा लगी कार सवारों ने की छात्राओं से छेड़छाड़

विज्ञापन
विज्ञापन

साथी ने विरोध किया तो ऑटो का पीछा किया, दरोगा के सामने बोतल फेंककर मारी
विज्ञापन

पुलिस ने नहीं सुनी तो ट्वीट के बाद दूसरे दिन बारादरी थाने में लिखी गई रिपोर्ट

बरेली। भाजपा का झंडा लगी कार से शहर में सरेशाम टेंपो में बैठी छात्राओं से छेड़छाड़ की गई। छात्राओं के एक साथी ने विरोध जताया तो कार सवारों ने दूर तक टेंपो का पीछा किया। इतना ही नहीं सेटेलाइट पर मौजूद दरोगा के सामने छात्राओं की ओर शोहदों ने बोतल फेंकी और गालियां देते हुए भाग गए। इतना सब होने के बावजूद पुलिस ने छात्राओं की बात नहीं सुनी तो उन्होंने वूमेन हेल्पलाइन और सीएम पोर्टल पर शिकायत करने के साथ कई राजनेताओं को ट्वीट कर दिया। इसके बाद हरकत में आई बारादरी पुलिस ने मंगलवार रात रिपोर्ट दर्ज कर ली।
नवाबगंज निवासी बरेली कॉलेज का एक स्टूडेंट अपनी परिचित छात्रा और उसकी बहन के साथ स्कॉलरशिप का फार्म लेने कॉलेज आया था। शाम पांच बजे करीब तीनों लोग कॉलेज से निकलकर सेटेलाइट बस स्टैंड आने को टेंपो में बैठ गए। छात्र के मुताबिक छात्राएं पीछे और वह टेंपो में आगे बैठा था। आगे बैठी दो सवारियां श्यामगंज में उतर गईं। मालियों की पुलिया के पास पीछे से लाल रंग की कार उस साइड में आई जिधर छात्राएं बैठी थीं। कार सवार लड़कों ने लड़कियों की ओर देखकर अश्लील इशारे और हूटिंग शुरू कर दी। इससे वह घबरा गईं। छात्राओं के साथ मौजूद छात्र ने विरोध किया तो शोहदे उसे गालियां देने लगे। उसके कहने पर टेंपो ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दी। इसके बाद भी कार ने पीछा जारी रखा। इसके बाद वह सेटेलाइट चौकी पहुंचे और वहां मौजूद दरोगा को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताने की कोशिश की। तभी पीछे से आई कार सवार लोगों ने एक बोतल उनकी ओर फेंकी। कार तेजी से लेकर निकल भागे और जाते वक्त उन्हें जान से मारने की धमकी दे गए।

दरोगा और यूपी 112 ने नहीं की मदद

सेटेलाइट चौकी पर बैठे दरोगा के सामने ही कार सवार शोहदे पीलीभीत रोड की ओर फरार हो गए। पीड़ित छात्र के मुताबिक उसने काफी कहा पर दरोगा ने गाड़ी का पीछा नहीं किया। कोई वायरलेस भी नहीं किया कि गाड़ी पकड़ी जा सके। उन्होंने यूपी 112 को कॉल किया। गाड़ी आई भी पर उनकी मदद नहीं की। उसकी साथी छात्राएं काफी घबराई हुई थीं। परेशान होकर वह लोग घर चले गए। मंगलवार को छात्राओं ने वूमेन हेल्पलाइन पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई। उन लोगों ने सीएम पोर्टल से लेकर रीता बहुगुणा जोशी व कई मंत्रियों को ट्वीट कर शिकायत की। इसके बाद बारादरी पुलिस ने उन्हें बुलाकर तहरीर ले ली।

आगे भाजपा का झंडा, पीछे लिखा था महाकाल

छात्र ने बताया कि कार के आगे भाजपा का झंडा लगा था। पीछे महाकाल लिखा हुआ था। कार में तीन या चार युवक थे। उनका चेहरा वह पहचान सकता है। वह लोग शायद नशे में थे और मस्ती करते हुए जा रहे थे। उसने कार का नंबर भी नोट कर लिया था। यह नंबर मुरादाबाद जिले का है। थाने में उसने यह नंबर दर्ज कराया है।
विज्ञापन


‘बारादरी क्षेत्र में इस तरह की घटना की जानकारी नहीं थी। अब रिपोर्ट हुई है तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की, इस बारे में जानकारी कराएंगे।’
विज्ञापन

- रवींद्र कुमार, एसपी सिटी

पहले भी होती रहीं वारदातें

छेड़छाड़ के तमाम मामले जिले में पहले भी होते रहे हैं और पुलिस सिर से ऊपर पानी आने के बाद ही इन पर गौर करती है। शहर के इज्जत नगर थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले सरेराह छेड़छाड़ की तीन वारदातें हुई थीं। इनमें पुलिस ने पहले सुस्ती दिखाई। मामला अफसरों के पास पहुंचा तो रिपोर्ट लिखी गई और गिरफ्तारी हुई। हाफिजगंज क्षेत्र में छेड़छाड़ की घटना और तानों से आहत किशोरी ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें