सीबीगंज। बेखौफ चोरों ने सराफ की दुकान में नकब लगाकर दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर बॉक्स भी साथ ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इज्जतनगर के जयप्रकाश वर्मा की सीबीगंज के बंडिया गांव में सराफा की दुकान है। जयप्रकाश ने बताया है कि वह रविवार शाम दुकान बंद कर घर आ गए। सोमवार दोपहर 12 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार में नकब लगा दिखा। चोरों ने सीढ़ी के सहारे दीवार में ऊपर की ओर नकब नकब लगाया और अंदर घुसकर तिजोरी से करीब दो लाख के आभूषण लेकर चंपत हो गए। वह सीसीटीवी और डीवीआर बॉक्स भी ले गए। चोर सीढ़ी घटना स्थल पर ही छोड़ गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के देरी से पहुंचने के कारण दुकानदारों में रोष है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।