पांच दिन पहले पकड़े गए सेक्स रैकेट के संचालन में भी सामने आया था गोविंदा का नाम
बरेली। सनसिटी विस्तार कॉलोनी में रविवार रात फिर एक सेक्स रैकेट पकड़ा गया। एएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इन्हें सोमवार को जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी गोविंदा को अलग से आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई करके जेल भेजा गया है।
सनसिटी विस्तार कॉलोनी में 13 नवंबर की रात सेक्स रैकेट पकड़ा गया था। तब छह महिलाएं गिरफ्तार हुईं थीं। जांच में पता चला था कि वीरेंद्र जुनेजा के घर को गोविंदा नाम के डिश संचालक ने बदायूं की सुनीता को किराये पर दिलाया था। सुनीता यहां दिल्ली और पश्चिम बंगाल से लड़कियां बुलाकर धंधा करा रही थी, लेकिन गोविंदा पुलिस के हाथ नहीं लग सका था। दो-तीन दिन शांत रहने के बाद गोविंदा ने इसी कॉलोनी की दूसरी गली में स्थित उस मकान में ही धंधा चालू कर दिया, जिसमें वह खुद किराये पर रहकर डिश का काम करता था। आईपीएस अफसर एएसपी अभिषेक वर्मा और इज्जतनगर इंस्पेक्टर केके वर्मा की टीम ने रविवार रात उसे वहीं से पकड़ लिया।
वाटिका कॉम्पलैक्स के इस घर में गोविंदा के अलावा दो पुरुष और दो महिलाएं आपत्तिजनक हालत में मिले। आरोपियों में विष्णुधाम बीडीए कॉलोनी निवासी संजीव गंगवार और मुरादाबाद के थाना कांठ के काजीखेड़ा निवासी राशिद थे। महिलाओं में बरेली की ही शहाना और मुन्नी थीं। घर में आपत्तिजनक सामान, मोबाइल और 1040 रुपये बरामद हुए। गोविंदा के पास से तमंचा की बरामदगी दिखाकर पुलिस ने अलग से भी एक रिपोर्ट लिखी है। संजीव एक जागरण पार्टी का कलाकार है, जबकि राशिद सीबीगंज से ट्रक लूट के मामले में जेल जा चुका है।
सटीक इनपुट के बाद कार्रवाई की गई। आरोपियों के नंबरों से काफी डिटेल मिली है। कुछ और पॉश कॉलोनियों में इस तरह का धंधा होने की जानकारी मिल रही है। निम्न व मध्यमवर्ग के लोग यहां आते हैं। जल्दी ही कुछ और ठिकानों पर कार्रवाई करके पुलिस धंधे को जड़ से खत्म करेगी। - अभिषेक वर्मा, एएसपी