बरेली। पुलिस-प्रशासन वही करता है जो अदालतें, उच्चाधिकारी या शासन कहता है, यह धारणा टांडा छंगा के दिव्यांग एलएलबी स्टूडेंट इरशाद को भारी पड़ गई। मुख्यमंत्री और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद इलाके में खुलेआम पराली जलाकर प्रदूषण फैलाए जाने का वीडियो उसने यूपी पुलिस के ट्वीटर पर डालने के बाद इंस्पेक्टर शीशगढ़ ने उसे जमकर हड़काया और समाज में वैमनस्यता बढ़ाने का केस दर्ज कर एनएसए लगाने तक की धमकी दे डाली। हालांकि युवक को फोन पर धमकाने का ऑडियो अफसरों के पास पहुंचने के बाद इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच शुरू हो गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने कुछ ही दिनों पहले आदेश दिया था कि जिस इलाके में पराली जलाए जाने की पुष्टि हुई, वहां के थाना प्रभारी को इसका जिम्मेदार माना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पुलिस-प्रशासन को किसी भी हालत में सूबे में पराली न जलाने देने का आदेश दे चुके हैं। इसी बीच टांडाछंगा के इरशाद ने शनिवार को गांव में पराली जलाने का वीडियो यूपी पुलिस के ट्विटर पर डालकर शिकायत कर दी। मुख्यालय से इस मामले में इंस्पेक्टर शीशगढ़ सुरेंद्र सिंह पचौरी को कार्रवाई का आदेश दिया गया तो शिकायत करने वाले इरशाद की हिमाकत पर वह बुरी तरह भड़क गए।
इंस्पेक्टर ने चौकी इंचार्ज के मोबाइल से इरशाद को फोन किया और उसे जमकर धमकाया। जो ऑडियो अफसरों तक पहुंचा है, उसमें इंस्पेक्टर इरशाद से कह रहे हैं- तेरा दिमाग खराब है। अगर कोई शिकायत थी तो चौकी पर शिकायत करता या तहरीर देता। ट्वीटर पर वीडियो डालने का मतलब जानता है। इस समय क्या माहौल चल रहा है, तुम्हें कुछ पता है। गाड़ी भेजकर उठवा लूंगा। इरशाद इस ऑडियो में खुद को दिव्यांग और एलएलबी स्टूडेंट होने की दुहाई देकर माफी मांगता सुनाई दे रहा है। इंस्पेक्टर कह रहे हैं, तेरी सारी वकालत निकाल दूंगा। तुरंत चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज से मेरी बात करा वर्ना तुझ पर 295 का मुकदमा लिखकर जेल भेजूंगा, तेरे जैसे कितने घूमते हैं। बता दें कि आईपीसी की धारा 295 समाज में सांप्रदायिक वैमनस्यता फैलाने के मामलों में लगाई जाती है। एसएसपी ने सीओ बहेड़ी को जांच सौंप दी है।
मैंने ऑडियो सुना है और इंस्पेक्टर की भूमिका की जांच भी सीओ बहेड़ी को दी है। उनका दोष मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि शिकायत करने वाले की भूमिका भी ठीक नहीं बताई जा रही है। - शैलेश पांडेय, एसएसपी
इरशाद खां खुराफाती शख्स है। उसके घर में सबमर्सिबल है जिसका पानी पड़ोसी चंद्रसेन के खेत में जाता है। चंद्रसेन को फंसाने के लिए इरशाद ने काफी पुराना वीडियो ट्वीटर पर डाल दिया। वह किसी चैनल से जुड़े होने की बात कहकर भी दबाव बनाता है। उसके खिलाफ थाने में पहले से तहरीर आई हुई थी। - सुरेंद्र सिंह पचौरी, इंस्पेक्टर शीशगढ़
मैं एलएलबी का छात्र और एक पैर से दिव्यांग हूं। गांव में पराली जलने का ताजा वीडियो ट्वीट किया था। इंस्पेक्टर ने मुझसे अभद्र भाषा में मुकदमा कराने की धमकी दी है। अब उनके खिलाफ कार्रवाई कराकर ही चैन लूंगा। सोमवार को एसएसपी से भी मिलने जाऊंगा। - इरशाद खां, शिकायतकर्ता